वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के बभनपुरा गांव में बीती रात रिंग रोड फेज-2 के पास फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। इस गोलीकांड में गांव के रहने वाले गौरव सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पेट और पीठ में गोली लगी है। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से घायल को ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहाँ डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताई है।घायल गौरव के परिजनों ने आरोप लगाया है कि गांव के ही अंकित सिंह और उसके साथियों ने पहले विवाद किया और फिर गोली चला दी। अचानक हुई इस वारदात से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।घटना की जानकारी मिलते ही चौबेपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुँची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है और घटना के पीछे की वजह जानने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।ग्रामीणों ने कहा कि देर रात हुई इस वारदात ने लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जायेगी।








