वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देश पर चलाए जा रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत शनिवार को थाना कैंट पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। पुलिस उपायुक्त वरुणा जॉन के नेतृत्व में तथा एसीपी कैंट की उपस्थिति में पुलिस बल ने घौसाबाद रोड व दैनिक जागरण कार्यालय के सामने सड़क पर खड़े वाहनों और गैराज संचालकों के अतिक्रमण को हटाया।कार्रवाई के दौरान घौसाबाद
चौकाघाट मुख्य मार्ग से लेकर दैनिक जागरण तिराहे तक सड़क पर अवैध रूप से खड़ी गाड़ियों को हटाया गया। कुल छह चारपहिया वाहनों को क्रेन के जरिए जब्त कर टीपी लाइन भेजा गया।इसके अलावा, पूर्व में नोटिस दिए जाने के बावजूद मुख्य मार्ग पर बार-बार अतिक्रमण करने वाले पांच दुकानदारों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कराया जा रहा है। मुख्य मार्ग पर अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों पर व्हील क्लैम्प लगाकर चालान की कार्रवाई भी की गई। दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गई कि यदि आगे मार्ग अवरुद्ध किया गया तो कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने मौके पर 20 संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग करते हुए पुलिस एक्ट की धारा 34 के तहत चालान किया। वहीं 17 वाहनों का ई-चालान ऐप के माध्यम से 4200 रुपये सम्मन शुल्क वसूल किया गया। एक वाहन पर अनधिकृत रूप से विधानसभा पास लगाने और काली फिल्म का प्रयोग करने पर उसे सीज कर दिया गया।








