गाज़ीपुर/नोनहरा। भाजपा कार्यकर्ता सियाराम उपाध्याय उर्फ जोखू उपाध्याय की मौत के बाद उठे बवाल पर पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी वैभव कृष्ण शनिवार को थाना नोनहरा पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज रजा, जिलाधिकारी अविनाश कुमार समेत अन्य अफसरों के साथ घटनाक्रम की समीक्षा की और मौके पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस दौरान लापरवाही और संदिग्ध भूमिका पाए जाने पर नोनहरा थाने से जुड़े 11 पुलिसकर्मियों पर विभागीय गाज गिरी। इनमें से 6 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया, जबकि 5 को लाइन हाजिर किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने इस प्रकरण की मजिस्ट्रेटीयल जांच के लिए जिलाधिकारी को पत्र भी भेज दिया है।
निलंबित पुलिसकर्मी
प्रभारी निरीक्षक वेंकटेश तिवारी
उप निरीक्षक अवधेश कुमार राय
मुख्य आरक्षी नागेंद्र सिंह यादव
आरक्षी धीरज सिंह
आरक्षी अभिषेक पाण्डेय
आरक्षी राकेश कुमार
लाइन हाजिर पुलिसकर्मी
उप निरीक्षक कमलेश गुप्ता
उप निरीक्षक जुल्फिकार अली
आरक्षी मुलायम सिंह
आरक्षी राघवेंद्र मिश्रा
आरक्षी राजेश कुमार
डीआईजी वैभव कृष्ण ने थाना परिसर व घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि जांच निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से की जाए। वहीं, मृतक भाजपा कार्यकर्ता के परिजनों और समर्थकों में आक्रोश की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन का कहना है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।








