वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में यातायात व्यवस्था को लेकर एक बड़ी शिकायत सामने आई है। सनबीम लहरतारा स्कूल पर आरोप है कि प्रतिदिन स्कूल खुलने और बंद होने के समय ट्रैफिक को रोककर सड़क पर अव्यवस्था फैलाई जाती है। इसके चलते सुबह 7 बजे और दोपहर 2 बजे के आसपास 2 से 3 किलोमीटर लंबा जाम लगना आम बात हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या पिछले दो वर्षों से लगातार बनी हुई है। स्कूली समय में राहगीरों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है। कई बार लोग जब आपत्ति जताते हैं, तो स्कूल प्रबंधन की ओर से उल्टे विवादित और दबंगई भरा रवैया देखने को मिलता है। लोगों का कहना है कि स्कूल प्रशासन अपनी सुविधा के लिए पूरे इलाके को यातायात जाम में झोंक देता है। जनता का आरोप
है कि इस स्कूल का विवादों से पुराना नाता रहा है। सड़क पर स्कूल बसों के प्रवेश के लिए ट्रैफिक को रोकना यहां सामान्य प्रक्रिया बना दी गई है। कई बार तो स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं के वाहन भी फंस जाते हैं। इससे आमजन में भारी रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि लगातार समस्या उठाने के बावजूद प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। जनता को डर है कि अगर इसी तरह लापरवाही जारी रही, तो किसी दिन कोई बड़ी घटना घट सकती है। नाराज लोग खुले तौर पर स्कूल और प्रशासन दोनों को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों की मांग है कि प्रशासन तत्काल प्रभावी कार्रवाई करे और सड़क को निजी हित में रोके जाने पर रोक लगाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।








