वाराणसी, 17 सितम्बर। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में शिल्प एवं निर्माण कला के देवता भगवान विश्वकर्मा का पूजनोत्सव आज धूमधाम और श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाया गया। कार्यशाला परिसर के विभिन्न शॉपों में सजे-धजे भव्य पंडालों में महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह, प्रमुख मुख्य विभागाध्यक्षगण और वरिष्ठ अधिकारियों ने पहुँचकर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा समस्त बरेकाकर्मियों को शुभकामनाएँ दीं। पूजन से पहले कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्यस्थलों की साफ-सफाई की और रंग-बिरंगी झंडियों, फूल-पत्तियों तथा आकर्षक विद्युत सजावट से पूजा पंडालों को सजाया। आदिशिल्पी भगवान विश्वकर्मा के चित्रों के समक्ष भक्ति और निष्ठा के साथ पूजा-अर्चना संपन्न हुई।
महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह ने न्यू ब्लॉक शॉप से पूजा कार्यक्रम की शुरुआत की और तत्पश्चात क्रमशः टूल रूम, इंजन डिवीजन, लोको फ्रेम शॉप, पाइप शॉप, ट्रक मशीन शॉप, लोको असेंबली शॉप, टीएएस शॉप और लोको टेस्ट शॉप में आयोजित पूजन कार्यक्रमों में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने बरेका परिवार की सुरक्षा, स्वास्थ्य, समृद्धि और तकनीकी प्रगति की कामना की। पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाते हुए बरेका में भगवान विश्वकर्मा की मूर्तियों के स्थान पर उनके चित्रों की पूजा की गई।इस अवसर पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री सुशील कुमार श्रीवास्तव, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री विवेक शील, प्रधान वित्त सलाहकार श्री मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी (प्रशासन) श्री लालजी चौधरी, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त श्री देवराज कुमार मौर्य, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अंकुर चंद्रा, उप महाप्रबंधक श्री अनुज कटियार समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कर्मचारी परिषद से संयुक्त सचिव श्री श्रीकांत यादव, सदस्य श्री नवीन कुमार सिन्हा, श्री धर्मेंद्र कुमार सिंह, श्री अमित कुमार और श्री मनीष कुमार सिंह भी मौजूद थे। बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिजन कार्यक्रम का हिस्सा बने।








