वाराणसी, 19 सितम्बर। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में शुक्रवार को “स्वच्छता ही सेवा अभियान” के तहत मैराथन, साइकिलोथान और वाकथान का भव्य आयोजन किया गया। महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत सुबह सात बजे गोल्फ कोर्स गेट से हुई, जहां प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर सुशील कुमार श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर प्रतिभागियों को रवाना किया। मैराथन और साइकिलोथान का मार्ग
गोल्फ कोर्स गेट से आरपीएफ चेक पोस्ट, सूर्य सरोवर, इंटरमीडिएट कॉलेज चौराहा, नाथूपुर रेलवे क्रॉसिंग और प्रशासन भवन तिराहा से होता हुआ बरेका स्टेडियम गेट तक रहा। वहीं वाकथान का मार्ग गोल्फ कोर्स गेट से आरपीएफ चेक पोस्ट, कुंदन, रेलवे आवास 122, रेलवे आवास 152, रेलवे आवास 181 और सिनेमा हॉल तिराहा से होते हुए स्टेडियम गेट तक निर्धारित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर “स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत” और “हरित बरेका, स्वस्थ बरेका” जैसे नारों से गूंज उठा। प्रतिभागियों ने हाथों में आकर्षक पोस्टर और बैनर लेकर स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। इस अवसर पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर सुशील कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि “स्वच्छता केवल आदत ही नहीं, बल्कि जीवन का मूलभूत आधार है। स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ और प्रगतिशील समाज का निर्माण करता है।” आयोजन में मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) सुनील कुमार, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (विद्युत) अनुराग कुमार गुप्ता, मुख्य संरक्षा अधिकारी राम जन्म चौबे, उप महाप्रबंधक अनुज कटियार, जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार, रेल सुरक्षा बल निरीक्षक के.के. सिंह, वरिष्ठ कोच (बास्केटबॉल) राजू यादव सहित सेंट जॉन्स एंबुलेंस ब्रिगेड, सिविल डिफेंस, भारत स्काउट एंड गाइड के सदस्य, रेलवे सुरक्षा बल के जवान, खेल प्रशिक्षक-प्रशिक्षु और बड़ी संख्या में कर्मचारीगण शामिल रहे।इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समाज को इसमें सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा।








