चंदौली। पुलिस उपमहानिरीक्षक परिक्षेत्र वाराणसी श्री वैभव कृष्ण ने रविवार को पुलिस लाइन चंदौली के नवीन सभागार में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक चंदौली श्री आदित्य लांग्हे, अपर पुलिस अधीक्षक (आईपीएस) अनन्त चन्द्रशेखर, जनपद स्तरीय अधिकारी, सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारियों सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।बैठक में डीआईजी ने हाल ही में घटित आपराधिक घटनाओं की गहन समीक्षा करते हुए अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने थाना स्तर पर महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर क्राइम, संगठित अपराध, अवैध शराब/खनन एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि थाने या कार्यालय पर आने वाले प्रत्येक फरियादी को न्यायोचित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण मिलना ही पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति 5.0’ को सफल बनाने पर बल दिया और निर्देश दिए कि जनपद के सभी थानों की एण्टीरोमियों टीम चौपाल लगाकर महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं स्वावलंबन से जुड़ी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों जैसे वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, सीएम हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा 102, एम्बुलेंस 108, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 आदि की जानकारी देने का सघन अभियान चलाए। डीआईजी महोदय ने बैठक में यह भी स्पष्ट किया कि बीट पुलिसिंग को मजबूत करना, सक्रिय वारंटियों की गिरफ्तारी, लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण और जनता से सकारात्मक संवाद बढ़ाना पुलिस की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को अनसुलझे मामलों और लंबित शिकायतों की स्थिति की समीक्षा कर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही महिला संबंधी अपराधों पर विशेष ध्यान देते हुए तत्काल कार्रवाई करने और गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। बैठक में आगामी त्योहारों शारदीय नवरात्र और दशहरा को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष रणनीति तैयार की गई। यातायात नियमों की जागरूकता, साइबर अपराध और नशा मुक्ति के लिए अभियान चलाने पर भी सहमति बनी। भूमि विवाद और अतिक्रमण की शिकायतों का समय से और निष्पक्ष निस्तारण करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे मौके पर जाकर शिकायतकर्ता का पक्ष सुनें और न्याय सुनिश्चित करें। बैठक के उपरांत पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी श्री वैभव कृष्ण एवं पुलिस अधीक्षक चंदौली श्री आदित्य लांग्हे ने सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सर्विलांस टीम के सम्मानित पुलिसकर्मी हैं – उप निरीक्षक आशीष मिश्रा, हेड कांस्टेबल प्रेम प्रकाश यादव, हेड कांस्टेबल मंटू कुमार सिंह, कांस्टेबल नीरज कुमार मिश्रा, कांस्टेबल अजीत कुमार सिंह, कांस्टेबल गणेश तिवारी, कांस्टेबल मनोज कुमार यादव, कांस्टेबल संदीप कुमार और कांस्टेबल मनीष कुमार।SOG टीम के सम्मानित पुलिसकर्मी हैं – हेड कांस्टेबल अरविंद कुमार भारद्वाज, हेड कांस्टेबल आनंद सिंह, हेड कांस्टेबल राणा प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल विजेंदर सिंह, हेड कांस्टेबल रामानंद यादव और हेड कांस्टेबल अंशु सिंह। बैठक के अंत में डीआईजी वाराणसी ने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने का संकल्प दोहराने केलिए प्रेरित किया।








