वाराणसी। थाना कपसेठी पुलिस ने अंतर्जनपदीय नकबजन गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से ₹1,52,200 नकद व लगभग ₹2.50 लाख मूल्य के जेवरात बरामद हुए।पुलिस उपायुक्त गोमती ज़ोन के अनुसार 29/30 अगस्त की रात ग्राम सरावां में चोरी की घटना हुई थी। मुकदमा दर्ज कर
विशेष टीम गठित की गई थी। मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को बाहरी नाला पुलिया के पास से सुभाष बनवासी (भदोही) और श्यामवृज बनवासी (गाजीपुर) को गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि चोरी उन्होंने चार अन्य साथियों के साथ की थी। इनमें से तीन को पूर्व में जौनपुर पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि चौथा आरोपी लालजी उर्फ राजकुमार फरार है।पुलिस के अनुसार यह गिरोह घुमंतू प्रवृत्ति का है, जो मोबाइल और निजी वाहनों का इस्तेमाल न करके रेलवे से यात्रा करता है ताकि निगरानी से बच सके। इनके कब्जे से पीली व सफेद धातु के जेवरात, नकदी और मोबाइल बरामद किए गए हैं।अभियुक्तों के खिलाफ विभिन्न जनपदों में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस इनके अन्य आपराधिक कृत्यों की भी जांच कर रही है।








