वाराणसी। काशी विश्वनाथ धाम में जहां एक ओर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं, वहीं सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। रविवार दोपहर लगभग 1:30 बजे धाम के गेट नंबर-4 पर पाकिटमारों ने श्रद्धालु को निशाना बनाते हुए 10 हज़ार रुपये उड़ा लिए। मूल रूप से बाहर से दर्शन करने आए श्रद्धालु राजाराम पटेल ने बताया कि जैसे ही वह गेट नंबर-4 से धाम परिसर की ओर बढ़ रहे थे, भीड़ का फायदा उठाकर पाकिटमारों ने उनके पॉकेट से नकदी पार कर दी। पीड़ित ने तत्काल वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को इसकी जानकारी दी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और कार्रवाई करने के बजाय अनदेखी कर दी।धाम आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का कहना है कि गेट नंबर-4 सहित कई मार्गों पर पाकिटमार लंबे समय से सक्रिय हैं। भीड़-भाड़ और अव्यवस्थित व्यवस्था का फायदा उठाकर जेबकतरे आसानी से श्रद्धालुओं को निशाना बना रहे हैं। श्रद्धालुओं का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद पुलिस और प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। घटना के बाद धाम परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं में आक्रोश देखा गया। उनका कहना है कि बाबा विश्वनाथ धाम जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल पर यदि श्रद्धालु असुरक्षित महसूस करेंगे तो यह प्रशासन की बड़ी विफलता है। घटना को लेकर पुलिस अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, सूत्र बताते हैं कि मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों तक पहुंचा दी गई है। अब देखना होगा कि पुलिस पाकिटमारों पर कब और कितना शिकंजा कस पाती है।








