लखनऊ। आतंकवाद के बढ़ते खतरों और आतंकी संगठनों की बदलती रणनीतियों से निपटने के लिए अब उत्तर प्रदेश पुलिस को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) विशेष प्रशिक्षण देने जा रही है। यह दो दिवसीय प्रशिक्षण 24 और 25 सितंबर को लखनऊ में आयोजित होगा। जानकारी के अनुसार, इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में एनआईए के वरिष्ठ अधिकारी पुलिस अधिकारियों और जवानों को आधुनिक आतंकवाद की चुनौतियों से अवगत कराएंगे। इसमें आतंकी संगठनों की नई-नई तकनीक, डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के माध्यम से कट्टरपंथ फैलाने की कोशिशों पर विशेष सत्र होंगे। साथ ही आतंकी फंडिंग के नेटवर्क, हवाला लेन-देन की पहचान और संदिग्ध गतिविधियों की जांच के वैज्ञानिक तरीकों पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों को आतंकवाद निरोधक अभियानों के सफल उदाहरण भी बताए जाएंगे, ताकि वास्तविक परिस्थितियों में तुरंत और प्रभावी कार्रवाई की जा सके। प्रशिक्षण में खुफिया सूचनाओं के बेहतर उपयोग, अंतरराज्यीय नेटवर्क की निगरानी और सामूहिक समन्वय पर खास जोर दिया जाएगा। एनआईए अधिकारियों का मानना है कि इस प्रशिक्षण से यूपी पुलिस की जांच क्षमता और जमीनी स्तर पर कार्रवाई की दक्षता और अधिक सुदृढ़ होगी। वहीं राज्य सरकार भी चाहती है कि प्रदेश पुलिस को हर स्तर पर तैयार किया जाए ताकि आतंकवाद की किसी भी साजिश को समय रहते विफल किया जा सके।








