वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) ने रेल मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप 27 सितंबर 2025 को “स्वच्छता ही सेवा अभियान – 2025” के तहत स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु विविध कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया। यह आयोजन पूरे भारत में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सफलता पूर्वक चल रहे स्वच्छता अभियान की समापन प्रक्रिया का हिस्सा था।बरेका महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह के मार्गदर्शन तथा मुख्य सुरक्षा अधिकारी श्री रामजन्म चौबे के सक्रिय निर्देशन में प्रातः 11 बजे बरेका कॉलोनी के कर्मचारी क्लब के समीप, स्काउट एवं गाइड के कैडेट्स ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इस नाटक के माध्यम से कूड़ा-कचरा न फैलाने, स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के महत्व को जन जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। नुक्कड़ नाटक में युवा कैडेट्स की जीवंत प्रस्तुति ने उपस्थित कर्मचारियों एवं नागरिकों को स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्ध होने के लिए प्रेरित किया।इसी क्रम में बरेका राजभाषा विभाग ने बरेका कीर्ति कक्ष में एक निबंध एवं कविता प्रतियोगिता का आयोजन किया जिससे कर्मचारी स्वच्छ भारत मिशन के प्रति अपनी समझ और संवेदनशीलता व्यक्त कर सके। इस प्रतियोगिता में विभिन्न विभागों के कर्मियों द्वारा स्वच्छता के महत्व पर रचनात्मक अभिव्यक्ति की गई, जो इस मिशन के प्रति उनकी दृढ़ प्रतिबद्धता का उजागर करती है।स्वच्छता अभियान 5.0 के प्रथम चरण के अंतर्गत बरेका सुरक्षा विभाग के कर्मचारियों ने भी उत्साह के साथ भाग लेकर कार्यस्थलों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं कार्यक्षम बनाने में योगदान दिया। इस पहल से न केवल कार्यालय परिसर स्वच्छता में सुधार हुआ, बल्कि कर्मचारियों में स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी एवं जागरूकता भी गहराई से विकसित हुई।इस आयोजन के दौरान मुख्य सुरक्षा अधिकारी श्री रामजन्म चौबे ने कहा, “स्वच्छता अभियान 5.0 – 2025 न केवल हमारे कार्यस्थलों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाएगा, बल्कि कर्मचारियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और सामाजिक दायित्व की भावना को भी जागृत करेगा। हम सभी को मिलकर स्वच्छ भारत मिशन के लक्ष्यों को प्राप्त करने हेतु सक्रिय योगदान देना चाहिए।” उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि बरेका सुरक्षा विभाग इस मिशन के अंतर्गत आगामी कार्यक्रमों और गतिविधियों के द्वारा स्वच्छता एवं कार्यस्थल प्रबंधन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर बनाए रखेगा।यह आयोजन स्वच्छ भारत मिशन के तहत न केवल स्वच्छता का संदेश फैलाने बल्कि कार्यस्थलों को अधिक स्वस्थ, सुंदर एवं उत्पादक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास सिद्ध हुआ है, जो आने वाले वर्षों में भी निरंतर जारी रहेगा।








